Site icon Khabribox

बागेश्वर: ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन, स्वास्थ्य शिविर में हुई जांचें, ‘आंगन का मिलन’ में सम्मानित हुईं आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता

​बागेश्वर: जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को विभिन्न विकासखंडों और क्षेत्रों में कई कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का आयोजन

इस दौरान जहां एक ओर महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता और सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय भंडारीसेरा की ओर से कांडा स्थित अलकन्या आंगनबाड़ी केंद्र में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंची महिलाओं के हीमोग्लोबिन और रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) की जांच की गई। जांच के दौरान जिन महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई, उन्हें चिकित्सकों द्वारा आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं।
​
​किया सम्मानित

बाल विकास परियोजना कपकोट एवं कमेड़ीदेवी के अंतर्गत आने वाले विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम धूमधाम से मनाए गए। इन कार्यक्रमों में गर्भवती और धात्री (स्तनपान कराने वाली) महिलाओं को विभागीय योजनाओं और पोषण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। मंडलसेरा आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में सुपरवाइजर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना की विस्तृत जानकारी दी। विधायक सुरेश गढ़िया ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व आशा कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और बच्चों को कॉपी-पेंसिल बांटीं।

​रहेंउपस्थित

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, उपजिलाधिकारी (SDM) अनिल चन्याल, स्थानीय वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान, महिला मोर्चा के पदाधिकारी, विभागीय कर्मचारी, लाभार्थी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version