बागेश्वर: बागेश्वर जनपद के कपकोट थाना अंतर्गत खर्ककानातोली के जंगलों में एक बुजुर्ग का नर कंकाल मिलने से क्षेत्र हड़कंप मच गया। बुजुर्ग एक साल से लापता बताए गए हैं।
जांच कर रही पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम खर्ककानातोली के ग्रामीण जंगल में सूखी लकड़ी एकत्र करने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक नर कंकाल पर पड़ी। जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कपकोट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक (SI) संजय धौनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने जब मौके का मुआयना किया, तो वहां मौजूद कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान 70 वर्षीय शेर सिंह, पुत्र दान सिंह, निवासी खर्ककानातोली (बैसानी) के रूप में हुई। परिजनों ने कपड़ों को देखकर शेर सिंह की पुष्टि की। परिजनों के अनुसार, शेर सिंह पिछले एक साल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। उनके चचेरे भाई ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। लेकिन उनका कोई पता नहीं चला था। पुलिस ने नर कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जाँच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।