उत्तराखंड: उत्तराखंड में सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष रह चुके वरिष्ठ भाजपा नेता भगवत प्रसाद मकवाना को केंद्र सरकार ने ‘राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग’ का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
मिली यह जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी यह नियुक्ति आयोग के मौजूदा कार्यकाल यानी 31 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने उत्तराखंड में सफाई कर्मचारियों के कल्याण, पुनर्वास और अधिकारों की रक्षा के लिए लंबे समय तक काम किया है। उनके पास अनुसूचित जातियों के सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान का गहरा अनुभव है। वे इससे पहले एनएचपीसी (NHPC) के बोर्ड में बतौर स्वतंत्र निदेशक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा, हाथ से मैला ढोने की प्रथा के उन्मूलन और पुनर्वास कानून के तहत गठित केंद्रीय निगरानी समिति के सदस्य के रूप में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
प्रो. सुषमा गौड़ियाल को भी मिली आयोग में यह जिम्मेदारी
इसके अलावा उत्तराखंड राज्य से गहरा जुड़ाव रखने वाली शिक्षाविद प्रो. सुषमा गौड़ियाल को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल से स्नातकोत्तर और पीएचडी कर चुकीं प्रो. गौड़ियाल इससे पहले भी आयोग की सदस्य रह चुकी हैं।