देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। संसद के निचले सदन यानी लोकसभा में विपक्ष के भारी हंगामे और शोर-शराबे के बीच बहुचर्चित ‘एंटी पेपर लीक बिल’ (लोक परीक्षा विधेयक) पारित हो गया है।
यह बिल पारित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिल पारित होने के बाद सदन की कार्यवाही को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विपक्ष, खासकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा पर आपत्ति जताते हुए उनके आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
कहा- सुझाव देने के बजाय राजनीति कर रहा विपक्ष
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में कहा, “जब देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े इतने महत्वपूर्ण और संवेदनशील बिल पर चर्चा हो रही हो, तो विपक्ष को सकारात्मक सुझाव देने चाहिए थे। लेकिन सुझाव देने के बजाय इस पर केवल राजनीति की जा रही है।” उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “सदन में जिस तरह की असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह बेहद हैरान करने वाला है। मुझे तो यह देखकर अचरज होता है कि क्या उन्हें (राहुल गांधी को) संसदीय कामकाज और मर्यादा के बुनियादी नियमों की भी जानकारी है या नहीं?” केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि इस देश के युवा, जो भारत का उज्ज्वल भविष्य हैं, उन्हें ‘मूर्ख’ कहने से ज्यादा शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बात और कुछ नहीं हो सकती।