देश की राजधानी दिल्ली और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर हैं। खुफिया एजेंसियों को मिले कुछ धमकी भरे ईमेल के बाद दिल्ली और उत्तराखंड में संभावित खालिस्तानी आतंकी हमले की आशंका जताई गई है, जिसके दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है।
जाने मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खुफिया एजेंसियों को हाल ही में कुछ ईमेल प्राप्त हुए हैं, जिनमें आतंकी हमले की चेतावनी दी गई है। इन ईमेल में विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। एजेंसियों ने इन धमकियों को बेहद गंभीरता से लिया है। धमकी भरे संदेशों के अनुसार आतंकवादी प्रमुख मंदिर और भीड़भाड़ वाले इलाके, रेलवे स्टेशन और प्रमुख परिवहन केंद्र, सरकारी दफ्तर और प्रशासनिक इमारतें व पुलिसकर्मी और राजनीतिक हस्तियों को निशाना बना सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने इन संदिग्ध ईमेल की गहन जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल और अन्य खुफिया एजेंसियां ईमेल भेजने वाले के सोर्स (स्रोत) और उसकी पहचान का पता लगाने में जुटी हैं। अलर्ट के बाद दिल्ली और उत्तराखंड, दोनों राज्यों की पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील जगहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।