Site icon Khabribox

सावधान: कबाड़ में फोन देने से पहले हो जाएं सावधान, जरा सी लापरवाही से खाली हो सकता है बैंक खाता और लीक हो सकता है डेटा

आज के आधुनिक दौर में मोबाइल फोन हर व्यक्ति की दिनचर्या और जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। स्मार्टफोन में हमारी निजी तस्वीरें, वीडियो, संपर्क नंबर, बैंकिंग डिटेल्स, ई-मेल, सोशल मीडिया अकाउंट्स और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रहते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही बड़ा नुक़सान कर सकती हैं।

हो जाएं सावधान

आपको अपना पुराना या खराब मोबाइल कबाड़ी या किसी अनजान व्यक्ति को बेचना आपको भारी नुकसान में डाल सकता है। वहीं इन दिनों क्षेत्र के गली-मोहल्लों में कबाड़ खरीदने वाले लोग पुराने और बंद पड़े मोबाइल खरीदने का धंधा धड़ल्ले से चला रहे हैं। कई लोग या उनके बच्चे चंद रुपये या मामूली सामान के लालच में अपना पुराना फोन इन कबाड़ियों को दे देते हैं, लेकिन वे उसमें से अपना निजी डेटा पूरी तरह हटाना भूल जाते हैं। तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, फोन से केवल फोटो या फाइलों को सामान्य तरीके से ‘डिलीट’ कर देना ही काफी नहीं होता है। सही और सुरक्षित तरीके से डेटा मिटाए बिना यदि फोन किसी गलत हाथ में पड़ता है, तो सॉफ्टवेयर की मदद से पुरानी जानकारी आसानी से रिकवर (रिकवर) की जा सकती है।

​हो सकता है साइबर नुकसान

डेटा लीक होने से सोशल मीडिया अकाउंट्स, ई-मेल, कॉन्टैक्ट लिस्ट और निजी तस्वीरों का दुरुपयोग होने का गंभीर खतरा रहता है। इसके अलावा, यदि फोन में बैंकिंग या यूपीआई पेमेंट (UPI Payment) ऐप्स लॉग-इन रह गए हों, तो व्यक्ति को बड़े आर्थिक नुकसान का सामना भी करना पड़ सकता है।

पुराना मोबाइल बेचते समय इन बातों का रखें ध्यान

▪ ​डेटा बैकअप: सबसे पहले अपने फोटो, वीडियो और जरूरी फाइलों का सुरक्षित बैकअप ले लें।
▪ ​अकाउंट्स लॉगआउट: फोन में मौजूद सभी ई-मेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग ऐप्स से लॉगआउट करें।
▪ ​फैक्टरी रीसेट: केवल फाइलें न मिटाएं, बल्कि सेटिंग्स में जाकर पूरे फोन को ‘फैक्टरी रीसेट’ करें।
▪ ​सिम और मेमोरी कार्ड: मोबाइल देने से पहले सिम कार्ड और एसडी/मेमोरी कार्ड निकालना न भूलें।
▪ ​विश्वसनीय जगह ही बेचें: पुराना फोन किसी गली-मोहल्ले के कबाड़ी के बजाय केवल अधिकृत रिसाइकलर या प्रमाणित विक्रेता को ही सौंपें।

​

Exit mobile version