Site icon Khabribox

चमोली: पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में घुसा मलबा और पानी, फंसे 20 मजदूर, 16 सुरक्षित रेस्क्यू, तलाश जारी

चमोली: चमोलीजनपद के पीपलकोटी स्थित मायापुर क्षेत्र में THDC की एक निर्माणाधीन टनल के अंदर आज गुरुवार शाम अचानक भारी मलबा और पानी भर जाने से बड़ा हादसा टलते-टलते बचा।

बचाव कार्य जारी

जब यह हादसा हुआ तब टनल के अंदर काम कर रहे लगभग 20 मजदूर अंदर ही फंस गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक  यह घटना गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे की है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी करते रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया और तत्काल युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते रात साढ़े आठ बजे तक 16 मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, टनल के अंदर शेष बचे अन्य मजदूरों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान अभी भी लगातार जारी है। इस टनल में एचसीसी (HCC) कंपनी द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था।

​सीएम ने लिया संज्ञान

​इस टनल हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है और सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी देते हुए राहत कार्यों की बात कही है। मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की सूचना प्राप्त हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और उत्तराखंड SDRF की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित एजेंसियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं स्वयं भी अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हूं और स्थिति की लगातार जानकारी ले रहा हूं। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

Exit mobile version