Site icon Khabribox

चंपावत: जंगल घास काटने जा रही महिला पर गुलदार ने किया हमला, गांव में दहशत का माहौल

लोहाघाट: चंपावत जनपद के लोहाघाट विकास खंड से एक मामला सामने आया है, जहां धोनी शिलिंग गांव के डगला तोक में एक गुलदार ने महिला पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

महिला पर किया हमला

इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
​मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 28 वर्षीय गीता देवी (पत्नी दीवान राम) अपनी सहेलियों के साथ रोजाना की तरह घास काटने के लिए जंगल की ओर निकल रही थीं। वे घर से मात्र 50 मीटर ही दूर पहुंची थीं कि झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया।

महिलाओं के साहस से बची जान

​हमले के दौरान गीता देवी के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव आए हैं। गनीमत रही कि उनके साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने धैर्य नहीं खोया और शोर मचाना शुरू कर दिया। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर गुलदार जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

दो दिन पहले गाय को बनाया था निवाला

​ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार सक्रिय है।‌ दो दिन पहले ही इसी स्थान के पास गुलदार ने एक गाय को मार डाला था। अब दिनदहाड़े इंसानों पर हो रहे हमले से ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आदमखोर होते गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।

Exit mobile version