Site icon Khabribox

क्वारब स्लाइड जोन पर कमिश्नर दीपक रावत का कड़ा एक्श, कहा— ‘लापरवाही किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं’, अधिकारियों को दी डेडलाइन

अल्मोड़ा: कुमाऊं मंडल के आयुक्त (कमिश्नर) दीपक रावत ने आज शुक्रवार को अत्यंत संवेदनशील क्वारब स्लाइड जोन का स्थलीय निरीक्षण किया।

किया निरीक्षण

इस मौके पर उन्होंने वहां चल रहे सुधारात्मक और सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। कमिश्नर ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ हर हाल में पूरा किया जाए।निरीक्षण के दौरान कमिश्नर दीपक रावत ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि क्वारब स्लाइड जोन केवल अल्मोड़ा जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के आवागमन की दृष्टि से बेहद संवेदनशील स्थान है। कहा कि इस संवेदनशील क्षेत्र में किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्यों की नियमित निगरानी (मॉनिटरिंग) सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को इस रास्ते से जल्द से जल्द सुरक्षित राहत मिल सके।
​क्वारब बाईपास मार्ग का जायजा

​स्लाइड जोन का निरीक्षण करने के बाद आयुक्त ने क्वारब बाईपास मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने मार्ग पर बचे हुए निर्माण और सुधार कार्यों की समीक्षा की। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जितने भी अवशेष कार्य हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बाईपास मार्ग के पूरी तरह तैयार होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

​यात्रियों और क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील

मानसून के सीजन को देखते हुए आयुक्त दीपक रावत ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करें और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बरसात के मौसम में संवेदनशील रास्तों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्रशासन का सहयोग करें।


​रहें मौजूद

​इस निरीक्षण के दौरान कमिश्नर के साथ अंशुल सिंह (जिलाधिकारी), चंद्रशेखर आर घोड़के (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक), हरीश कुमार (अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग), हर्षित गुप्ता (अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग), संजय कुमार (उपजिलाधिकारी सदर), विनीत पाल (जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी) मौजूद रहें।

Exit mobile version