अल्मोड़ा/भवाली: कुमाऊं की लाइफलाइन मानी जाने वाली भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्राकृतिक आपदा का खतरा बढ़ गया है।
बारिश से यातायात भी प्रभावित
क्वारब की दुश्वारियों से अभी जनता उबर भी नहीं पाई थी कि अब रामगढ़ के पास शिप्रा नदी के कटाव ने सड़क का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। मिली जानकारी के अनुसार आज रविवार को हुई इस घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण शिप्रा नदी का जलस्तर और बहाव तेज हो गया है। पुल के नीचे नदी द्वारा किए जा रहे कटान के चलते रविवार को रामगढ़ पुल के पास सड़क का करीब तीन मीटर हिस्सा अचानक ढहकर नदी में समा गया। इसके साथ ही, पुल से ठीक पहले करीब 20 मीटर लंबी सड़क का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने के कारण अब वहां महज पांच मीटर की संकरी पट्टी बची है, जिससे फिलहाल यातायात को किसी तरह संचालित किया जा रहा है।
कुमाऊं के तीन जिलों का संपर्क कटने का डर
यह सड़क केवल रास्ता नहीं, बल्कि कुमाऊं की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इससे अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों का मैदानी क्षेत्रों से संपर्क कटने का खतरा बढ़ गया है। हजारों यात्रियों की आवाजाही ठप होने के साथ ही पर्यटन उद्योग को भारी नुकसान। फल, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई पूरी तरह से प्रभावित हो सकती है। फिलहाल, स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।