Site icon Khabribox

CWG 2026: ग्लासगो में मीराबाई की ‘गोल्डन हैट्रिक’: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को दिलाया पहला गोल्ड, बनाया यह नया रिकॉर्ड

भारतीय वेटलिफ्टिंग की ‘क्वीन’ साखोम मीराबाई चानू ने नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा फहराते हुए देश को गौरवान्वित किया है।

रचा इतिहास

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मीराबाई ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को इन खेलों का पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। इसके साथ ही यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में उनका लगातार तीसरा स्वर्ण पदक है, जिसके साथ ही उन्होंने एक नया इतिहास रच दिया है। इससे पहले उन्होंने 2018 (गोल्ड कोस्ट) और 2022 (बर्मिंघम) कॉमनवेल्थ गेम्स में भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीता था।

बनाया रिकॉर्ड

मीराबाई ने कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर इस वर्ग में अपना दबदबा साबित किया। हालांकि, स्नैच राउंड की शुरुआत में उन्हें थोड़ा झटका लगा जब 82 किलोग्राम की उनकी पहली कोशिश नाकाम हो गई। लेकिन भारतीय स्टार ने तुरंत वापसी करते हुए दूसरी कोशिश में 82 किलोग्राम का वजन सफलतापूर्वक उठाया। इसके बाद अपनी आखिरी कोशिश में उन्होंने 85 किलोग्राम वजन उठाकर नया गेम्स और कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। स्नैच में शानदार प्रदर्शन के बाद मीराबाई ने क्लीन एंड जर्क राउंड में 105 किलोग्राम वजन उठाया और कुल 190 किलोग्राम के स्कोर के साथ आसानी से गोल्ड मेडल जीत लिया।

Exit mobile version