Site icon Khabribox

दो गोलीकांड से दहला देहरादून, एक की हुई मौत

देहरादून: प्रेमनगर में शुक्रवार देर रात हुए गोलीकांड में घायल युवक की शनिवार सुबह मौत हो गई। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने प्रेमनगर थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज‌ दिया है।

गोली चलने की दो घटनाएं हुई

शुक्रवार देर रात प्रेमनगर और राजपुर क्षेत्र में गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में दो लोग घायल हो गए थे। गोली चलाने वाले दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है। पहली घटना प्रेमनगर पोस्ट ऑफिस के सामने हुई थी। एसपी सिटी सरिता डोभाल ने बताया कि देर रात दो गुट आपस में पार्टी कर रहे थे। इसी बीच वहां पर बैठे एक व्यक्ति ने राहुल(23) नाम के युवक पर गोली चला दी। फायरिंग में युवक को तीन गोली लगी। उसे दून हास्पिटल में भर्ती किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक राहुल हत्या की कोशिश में जेल जा चुका है। एसओ प्रेमनगर कुलदीप पंत ने बताया कि गोली चलाने वाले की पहचान हो गई है। मामला आपसी रंजिश का है।दूसरी घटना राजपुर के दक्ष स्टोर डीआईटी के पास हुई। यहां भी मामूली विवाद में एक कार चालक ने एक व्यक्ति पर गोली चला दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी सिटी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों व्यक्तियों में विवाद होना पाया गया है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है।

Exit mobile version