Site icon Khabribox

देवीधुरा: मां बाराही धाम में ऐतिहासिक बगवाल मेले का भव्य शुभारंभ, 28 अगस्त को खेला जाएगा पत्थरों का अनूठा युद्ध

उत्तराखंड: चम्पावत जिले के विश्व प्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधुरा में ऐतिहासिक और पौराणिक बगवाल मेले का रविवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया है।

मेले का आयोजन

इस मौके पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा रहें। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। यह प्रसिद्ध मेला 23 अगस्त से शुरू होकर 4 सितंबर तक चलेगा।
​मेला समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। मेले का मुख्य आकर्षण ‘बगवाल’ (पत्थरों का युद्ध) 28 अगस्त को देवीधुरा के ऐतिहासिक खोलीखाड़ी मैदान में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ खेली जाएगी। मेले के दौरान मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। आयोजन के तहत 4 सितंबर तक विविध धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद, बौद्धिक व शैक्षिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

चार खामों के बीच होगा पारंपरिक युद्व

​उत्तराखंड के प्रमुख शक्तिपीठों में शुमार मां बाराही धाम में आयोजित होने वाली इस बगवाल में चार खामों (वालिक, गहड़वाल, चम्याल और लमगड़िया) के बगवाली (योद्धा) पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लेंगे। मान्यतानुसार, मां बाराही को प्रसन्न करने के लिए खोलीखाड़ी मैदान में फल-फूलों और पत्थरों से यह अनूठी प्रथा निभाई जाती है। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और पर्यटक देवीधुरा पहुंच रहे हैं।

Exit mobile version