देवीधुरा (चंपावत): विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां वाराही धाम देवीधुरा में आज शुक्रवार को रक्षा बंधन के अवसर पर ऐतिहासिक ‘बग्वाल’ (फैलौनी/पाषाण युद्ध) का आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
सीएम हुए शामिल
इस पावन अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधुरा पहुँचकर इस सुप्रसिद्ध मेले में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 11:05 बजे जीआइसी हेलीपैड देवीधुरा पहुंचे। हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और पारंपरिक छोलिया नर्तकों ने लोकनृत्य प्रस्तुत कर उनका भव्य स्वागत किया। पुलिस बल द्वारा मुख्यमंत्री को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
8 मिनट चला बग्वाल
सुबह से ही मौसम सुहावना रहने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दोपहर ठीक दो बजे खोलीखांड दुबचौड़ मैदान में बग्वाल युद्ध शुरू हुआ, जो करीब 8 मिनट तक चला। परंपरा का निर्वहन करते हुए इस बार बग्वाल पत्थरों के बजाय नाशपाती के फलों से खेला गया, जिसके लिए प्रशासन द्वारा 12 क्विंटल फलों की व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।