उत्तराखंड: उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में सोमवार देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का तेज झटका आया, जबकि टिहरी में 2.0 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया।
भूकंप के झटके
उत्तरकाशी जिले में यमुना घाटी और गंगा घाटी समेत कई क्षेत्रों में भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, यह झटका देर रात करीब 1:21 बजे आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई। इसका केंद्र उत्तरकाशी जिले में बडकोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी के आसपास था। भूकंप की जमीन के भीतर गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई। दोनों ही जिलों में प्रशासन या आपातकालीन केंद्रों के अनुसार जान-माल के किसी भी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रों में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की तीव्रता मात्र 2.0 थी, जो कि एक हल्का झटका था। इसकी गहराई जमीन से 5 किलोमीटर नीचे थी।