आज 17 फरवरी 2026 है। आज सूर्य ग्रहण लग रहा है। 17 फरवरी 2026 को साल का पहला सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। यह सूर्य ग्रहण 17 फरवरी 2026, मंगलवार के दिन लगेगा और यह कुंभ राशि में घटित होगा। ग्रहण के समय सूर्य देव कुंभ राशि में विराजमान होंगे, इसलिए ज्योतिषीय दृष्टि से यह स्थिति विशेष मानी जा रही है। यह घटना विज्ञान के लिए जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से भी खास मानी जाती है।
इतना रहेगा समय
भारतीय समय के अनुसार, यह ग्रहण दोपहर करीब 3 बजकर 26 मिनट पर शुरू होगा और शाम लगभग 7 बजकर 57 मिनट तक चलेगा। यानी इसकी कुल अवधि लगभग 4 घंटे 30 मिनट से अधिक रहेगी। अलग-अलग देशों में इसकी स्थिति अलग-अलग रूप में दिखाई दे सकती है। यह एक वलयाकार सूर्य ग्रहण (Annular Solar Eclipse) होगा जिसे ‘रिंग ऑफ फायर’ (Ring of Fire) कहा जाता है। इसमें चंद्रमा सूर्य को पूरी तरह नहीं ढकता जिससे किनारे पर रोशनी का एक छल्ला दिखाई देता है।
कैसा लगता है सूर्यग्रहण
खगोलविदों के अनुसार, सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी जब एक सीध में आते हैं तो कुछ देर के लिए सूर्य की किरणे पृथ्वी पर नहीं पहुंच पाती जिसे सूर्यग्रहण के नाम से जानते हैं। ऐसा अमावस्या के दिन कभी-कभार होता है। यह ग्रहण भारत से दिखाई नहीं देगा। यह सूर्य ग्रहण अंटार्कटिका के आसपास के क्षेत्रों में दिखाई देगा। इसके अलावा, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से इसे देखा जा सकेगा।
धार्मिक कार्य पर नहीं होगी पाबंदी
ग्रहण लगने से 12 घंटे पहले सूतक काल की शुरुआत होती हैं । और इस दौरान किसी भी प्रकार का धार्मिक कार्य नहीं किया जाता है । क्योंकि ये सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखने वाला इसलिए कोई भी धार्मिक कार्य पर कोई पाबंदी नहीं हैं।