Site icon Khabribox

उत्तराखंड में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी: नए मतदाताओं के लिए चलाया विशेष अभियान, अब BLO भरवाएंगे फॉर्म-6

​

उत्तराखंड: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) अभियान के बाद शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। नई सूची के अनुसार प्रदेश में अब कुल 71,58,949 (71.58 लाख) मतदाता शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस पूरे अभियान के दौरान दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद कुल 1,29,872 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया है, जबकि नियमानुसार 1,04,708 अपात्र मतदाताओं के नाम विलोपित (हटाए) किए गए हैं।


​उत्तराखंड वोटर लिस्ट: प्रमुख आंकड़े

• ​कुल मतदाता: 71,58,949
• ​पुरुष मतदाता: 37,37,701
• ​महिला मतदाता: 34,21,036
• ​थर्ड जेंडर मतदाता: 212
• ​युवा मतदाता (18-19 आयु वर्ग): 72,656
• ​वरिष्ठ नागरिक (80 वर्ष से अधिक): 1,22,892
• ​कुल पोलिंग स्टेशन (मतदेय स्थल): 12,543


​8 जून से शुरू हुई थी प्रक्रिया

​प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी, उस समय राज्य में 79.60 लाख मतदाता दर्ज थे। गणना फार्मों के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की गई थी, जिसमें 71.33 लाख नाम शामिल थे। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर तक पूरा किया गया, जिसके बाद आज अंतिम सूची जारी की गई।


​चलेगा घर-घर अभियान

​अंतिम प्रकाशन के बाद भी जो पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए हैं, उन्हें जोड़ने के लिए चुनाव आयोग विशेष अभियान चलाएगा। बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्री-SIR सूची से वर्तमान सूची का मिलान करेंगे और उन योग्य लोगों की पहचान करेंगे जिनके नाम सूची से हट गए हैं।‌बीएलओ घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र नागरिकों, पहली बार वोट देने वाले युवाओं और बेघर लोगों से फॉर्म-6 भरवाएंगे। राजनीतिक दलों के बीएलए (BLA) के साथ सूचियां साझा की जाएंगी। साथ ही लेबर कॉलोनी, नाइट शेल्टर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए विशेष बूथ लेवल कैंप लगाए जाएंगे।
​ऑनलाइन ऐसे देखें अपना नाम

​नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल

(www.voter.eci.gov.in) और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट (www.ceo.uk.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन वोटर लिस्ट में अपना नाम जांच सकते हैं। इसके अलावा अपने जिले के DEO/ERO कार्यालय या संबंधित BLO से भी सूची प्राप्त की जा सकती है।

Exit mobile version