Site icon Khabribox

समुद्र से हिमालय की चोटियों तक: भारतीय तटरक्षक बल ने शुरू किया ‘तट से पर्वत’ अभियान, 2027 में है एवरेस्ट फतह करने की तैयारी

​देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। समुद्र की लहरों पर देश की रक्षा करने वाला भारतीय तटरक्षक बल (ICG) अब हिमालय की बर्फीली चोटियों पर अपनी क्षमता और हौसले का परचम फहराने जा रहा है।

2027 के एवरेस्ट मिशन की तैयारियों का एक अहम हिस्सा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तटरक्षक बल ने ‘तट से पर्वत’ अभियान की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। महानिदेशक परमेश शिवमणि (AVSM, PTM, TM) ने इस खास और चुनौतीपूर्ण पर्वतारोहण अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत तटरक्षक बल की 19 सदस्यीय पर्वतारोहण टीम उत्तराखंड में स्थित ‘माउंट मुकुट’ चोटी की चढ़ाई करेगी। समुद्र तल से 7,242 मीटर (लगभग 23,760 फीट) की अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित यह चोटी अपनी दुर्गम परिस्थितियों और कठिन रास्तों के लिए जानी जाती है।

माउंट एवरेस्ट फतह करने का अंतिम अभ्यास

इस चढ़ाई के दौरान दल को अत्यधिक ऊंचाई, ऑक्सीजन की कमी, शून्य से नीचे तापमान और कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में तालमेल बिठाने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। वर्ष 2027 में भारतीय तटरक्षक बल अपनी स्वर्ण जयंती मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को खास बनाने के लिए ICG की टीम 2027 में माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल करने का प्रयास करेगी। इस अभियान की जानकारी देते हुए भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि समुद्र से लेकर पहाड़ों की चोटियों तक, बल नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तत्पर है।

Exit mobile version