March 29, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

मंच जी-20 में भारत के मुख्य वार्ताकार ‘शेरपा’ होंगे पीयूष गोयल

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के मंच जी-20 में भारत के मुख्य वार्ताकार ‘शेरपा’ होंगे। 20 प्रमुख देशों के नेताओं की शिखर वार्ता 30 और 31 अक्टूबर को इटली में आयोजित है। इटली जी-20 का मौजूदा अध्यक्ष है।

क्या है शेरपा

शेरपा जी20 सदस्य देशों के नेताओं का प्रतिनिधि होता है, जो सम्मेलन के एजेंडे के बीच समन्वय बनाता है, साथ ही सदस्‍य देशों के साथ मिलकर आर्थिक, राजनीतिक और वैश्विक चर्चा के एजेंडे को लेकर बात करता है।

2022 से जी20 की अध्यक्षता करेगा भारत

चूंकि भारत 1 दिसंबर 2022 से जी20 की अध्यक्षता करेगा और 2023 में पहली बार जी20 लीडर्स समिट का आयोजन करेगा। इसलिए यह नियुक्ती महत्वपूर्ण है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2014 से जी-20 देशों की शिखर वार्ता में भारत का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।

जी 20 में शामिल हैं ये देश

जी20 एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय समूह है, जो दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं और यूरोपीय संघ को एक साथ लाता है। जी-20 का अर्थ ग्रुप से हैं और इसके 20 देशों में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं।
जी-20 देशों की अर्थव्यवस्था दुनिया के कुल सकल उत्पाद में 80 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखते हैं। विश्व व्यापार में उनकी हिस्सेदारी 75 प्रतिशत है। दुनिया की आबादी का 60 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं देशों में है। जी-20 की स्थापना के समय वर्ष 1999 से भारत इसका हिस्सा है।