हल्द्वानी/लालकुआं: बिंदुखत्ता के इंद्रानगर-2 निवासी और भारतीय सेना की 17 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात नायब सूबेदार भरत सिंह रावत ने एक बार फिर इतिहास रचा है।
फहराया तिरंगा
जिस पर उन्होंने अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए लद्दाख स्थित 7,077 मीटर ऊंचे माउंट कुन की चोटी पर दूसरी बार सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया है। जानकारी के अनुसार भारतीय सेना का यह पर्वतारोहण अभियान लद्दाख के झांस्कर जिले में स्थित माउंट कुन के लिए 14 जुलाई को बेस कैंप से शुरू हुआ था। अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल जय प्रकाश कुमार ने किया। दल के सदस्य में 3 जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) और 8 सैनिकों सहित कुल 28 पर्वतारोही शामिल रहें। अत्यधिक ठंड, बर्फीली ढलानों और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए इस दल ने 17 जुलाई को माउंट कुन के शिखर पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
2023 में पहली बार फहराया था परचम
नायब सूबेदार भरत सिंह रावत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि उन्होंने इससे पहले 18 जुलाई 2023 को पहली बार माउंट कुन पर तिरंगा फहराया था। अब दूसरी बार इस दुर्गम चोटी को फतेह कर उन्होंने अपनी उत्कृष्ट क्षमता का परिचय दिया है।