Site icon Khabribox

हल्द्वानी: तीन युद्धों में भाग लेने वाले जांबाज पूर्व सैनिक हिम्मत सिंह का निधन, 1958 में सेना में हुए थे भर्ती, जताया शोक

हल्द्वानी: देश की सीमाओं की रक्षा के लिए 1962 के भारत-चीन युद्ध तथा 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्धों में अपना अदम्य साहस दिखाने वाले सेवानिवृत्त सूबेदार हिम्मत सिंह का निधन हो गया है।

तीन-तीन ऐतिहासिक युद्धों का रहें हिस्सा

मिली जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीते कल‌ रविवार को बीमारी के कारण उनका निधन हो गया। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के शेराघाट निवासी हिम्मत सिंह का जन्म 12 दिसंबर 1938 को हुआ था। वे वर्ष 1958 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। अपने 28 वर्षों के लंबे और गौरवशाली सैन्य जीवन के दौरान उन्होंने देश की विभिन्न सीमावर्ती और संवेदनशील चौकियों पर सेवाएं दीं। तीन-तीन ऐतिहासिक युद्धों का हिस्सा रहे हिम्मत सिंह वर्ष 1986 में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद से वह हल्दूचौड़ के जग्गी क्षेत्र में अपने परिवार के साथ निवास कर रहे थे

जताया शोक

उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, हेमवती नंदन दुर्गापाल, प्रमोद कॉलोनी, इंदर सिंह बिष्ट, भाष्कर भट्ट और भुवन भट्ट सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा शोक जताया है और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Exit mobile version