Site icon Khabribox

हल्द्वानी: भगवान मनोरंजन का साधन नहीं:देवी-देवताओं के स्वरूपों को सड़कों पर नचाने पर भड़की करणी सेना, की मांग

हल्द्वानी: सड़कों और मंचों पर देवी-देवताओं के स्वरूप बनाकर उन्हें नचाने की बढ़ती प्रथा के खिलाफ श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने विरोध किया है।

डीएम से की यह मांग

उन्होंने इस परंपरा को सनातन संस्कृति का अपमान बताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। जानकारी के अनुसार करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र राणा जोगी ने कहा कि वर्तमान में शादी-ब्याह, शोभायात्राओं और जागरणों में भगवानों के स्वांग रचकर उन्हें नचाने का चलन बढ़ गया है। यह न केवल हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ है, बल्कि देवी-देवताओं की मर्यादा के भी प्रतिकूल है। उन्होंने कहा कि हमारे आराध्य पूजनीय हैं, उन्हें मनोरंजन का साधन बनाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने सुझाव दिया है कि यदि किसी आयोजन में झांकी निकालनी ही है, तो देवी-देवताओं के स्वरूप को सुंदर और भव्य रथों पर सम्मानपूर्वक विराजमान किया जाए। उन्हें नगर भ्रमण कराकर श्रद्धा का माहौल बनाया जाए, न कि फिल्मी गानों या ढोल पर नचाया जाए। प्रशासन इन आयोजनों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी करे।

कहा- करेंगे पुरजोर विरोध

जिलाधिकारी से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाता, तो करणी सेना अपने स्तर पर ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए मजबूर होगी।

Exit mobile version