हल्द्वानी: नैनीताल में एसएसपी कार्यालय हल्द्वानी में एक गरिमामय ‘पीपिंग सेरेमनी’ आयोजित की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के कंधों पर सितारे सजाकर उन्हें उपनिरीक्षक (SI) से निरीक्षक पद पर पदोन्नति दी।
दी बधाई
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने नए बने निरीक्षक सुशील जोशी को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह अपनी ईमानदारी और कार्यकुशलता से नैनीताल पुलिस का मान और बढ़ाएंगे।
कांस्टेबल से की थी सेवा की शुरुआत
मूल रूप से शांतिपुरी (ऊधम सिंह नगर) के निवासी और स्व. नित्यानंद जोशी के पुत्र सुशील चंद्र जोशी ने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में बतौर कांस्टेबल (हरिद्वार) अपने करियर की शुरुआत की थी।
• 2008: विभागीय परीक्षा पास कर उपनिरीक्षक बने और मुरादाबाद में प्रशिक्षण के बाद उत्तरकाशी में पहली तैनाती मिली।
• 2010: नैनीताल जिले में स्थानांतरण हुआ, जहां उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, काठगोदाम, लामाचौड़ और बैलपड़ाव जैसी कई प्रमुख चौकियों का प्रभार संभाला।
• 2020: पिथौरागढ़ में स्थानांतरण के दौरान उन्होंने बेरीनाग के थानाध्यक्ष और कोतवाली पिथौरागढ़ में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) की जिम्मेदारी निभाई।
• वर्तमान: पुनः नैनीताल वापसी पर बनभूलपुरा में SSI रहने के बाद वे वर्तमान में थानाध्यक्ष मुखानी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे, जहां से अब वे पदोन्नत होकर निरीक्षक बने हैं।
रहें मौजूद
समारोह के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसएसपी के वाचक रमेश सिंह नेगी, और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।