हल्द्वानी: जिले के चकलुवा क्षेत्र से एक खबर सामने आई है। यहां 10 वर्षीय अंश ने गुलदार के हमले का न सिर्फ निडरता से सामना किया, बल्कि दोनों हाथों से गुलदार का गला पकड़कर उससे भिड़ गया।
गुलदार का हमला
मिली जानकारी के अनुसार मासूम के अदम्य साहस और दुकानदारों के समय पर मचाए शोर के कारण गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। जानकारी के अनुसार यह घटना बीते शनिवार की है। जब शनिवार शाम करीब 7:15 बजे विजयपुर रतनपुर (चकलुवा) निवासी 10 वर्षीय अंश पुत्र प्रेम शंकर अपने 7 वर्षीय साथी समर के साथ पास की दुकान पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक अंश पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसके बाद अंश जोर-जोर से चिल्लाने लगा। हमले के दौरान गुलदार का एक पंजा बच्चे के मुंह पर और दूसरा पेट पर था। खुद को बचाने के लिए मासूम ने अपने दोनों हाथों से गुलदार का गला कसकर पकड़ लिया और हार नहीं मानी। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पास के दुकानदार कुंदन टॉर्च लेकर मौके की ओर दौड़े और शोर मचाया। ग्रामीणों और दुकानदार की तत्परता देख तेंदुआ सहम गया और बच्चे को छोड़कर भाग निकला।
हायर सेंटर रेफर
गुलदार के हमले में अंश के मुंह और पेट पर गहरे जख्म आए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।