हल्द्वानी: नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन हल्द्वानी कोतवाली स्थित सभागार में किया गया।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में जुलाई माह के अपराधों, लंबित विवेचनाओं, यातायात और डिजिटल पुलिसिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। गोष्ठी के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ ऑपरेशन्स अमित कुमार सैनी ने डिजिटल प्रणालियों पर तकनीकी प्रस्तुतियां दीं। SSP ने थानों में e-Shakshya App, Zero FIR, e-Beat, e-Malkhana और e-DAR जैसे पोर्टलों पर डेटा समयबद्ध अपडेट करने के निर्देश दिए। साइबर अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए ठगी की शिकार जनता के पैसों की रिकवरी प्राथमिकता से करने और Cytrain Portal के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अपडेट रहने को कहा गया।
“थाना ऑफ द मंथ” की नई पहल
पुलिसिंग में सुधार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए जनपद में “थाना ऑफ द मंथ” योजना की शुरुआत की घोषणा की गई। थानों का मूल्यांकन सीसीटीवी निगरानी, अपराध निस्तारण और डिजिटल पोर्टलों पर कार्य की गुणवत्ता के आधार पर होगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानों को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि खराब प्रदर्शन पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही आगामी श्री कृष्ण जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनावों को देखते हुए एसएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों और कॉलेज परिसरों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के सख्त आदेश जारी किए गए।
48 पुलिसकर्मी प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो से हुए सम्मानित
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 48 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को एसएसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने बधाई देते हुए कहा कि कर्तव्यनिष्ठ कर्मी पूरे विभाग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
रहें उपस्थित
इस बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित जनपद के समस्त सीओ, थाना एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।