Site icon Khabribox

हल्द्वानी: मुखानी मामले में नया मोड़, महिला की मौत—लेनदेन के विवाद में मानसिक तनाव में, सोने के आभूषण का लेनदेन और गोल्ड लोन का विवाद भी आया सामने

हल्द्वानी। दुर्गा कॉलोनी (छोटी मुखानी) में चाकू लेकर पड़ोसियों को धमकाने और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले की जांच में एक बड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस जांच के अनुसार, इस पूरे विवाद के पीछे सोने के आभूषणों पर लिए गए ‘गोल्ड लोन’ की नीलामी और आर्थिक लेन-देन शामिल है।

जानें क्या है मामला

वहीं, मामले से जुड़ी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। इस घटना की शुरुआत दुर्गा कॉलोनी निवासी सविता के बेटे द्वारा पूनम और उनके पति निलेश देवल के घर के बाहर किए गए हंगामे से हुई। आरोपी युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर पूनम और निलेश के घर के बाहर पहुँचा और उन्हें बाहर निकलने की चुनौती देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। ​आक्रोश में आकर युवक ने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार पर चाकू से स्क्रैच किए और स्कूटी को पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया। भयभीत परिवार ने खुद को घर के अंदर बंद कर तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
​इलाज के लिए लिए थे गहने

​थाने में दोनों पक्षों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि साल 2023 में सविता के पति राजीव कुमार के बीमार होने पर उनके इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत थी। पारिवारिक संबंधों के आधार पर पूनम ने सविता को गोल्ड लोन लेने के लिए भारी मात्रा में सोने के आभूषण दिए थे। ​समय सीमा बीती, नीलामी का हुआ खुलासा: लगभग 3-4 महीने पहले आभूषण लौटाने का आश्वासन दिया गया था। समय बीत जाने पर जब पूनम और निलेश ने संबंधित वित्तीय संस्थान में पता किया, तो पता चला कि लोन की किश्तें न चुकाने के कारण सोने के आभूषण नीलाम किए जा चुके हैं। जब सविता को पता चला कि पूनम और उनके पति को गहनों के नीलाम होने की सच्चाई मालूम हो चुकी है, तो वह अत्यधिक मानसिक तनाव में आ गई। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिला सविता की मौत के वास्तविक और स्पष्ट कारणों का पता अभी नहीं चल सका है। शरीर से बिसरा (Viscera) सुरक्षित कर विधिवत फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस जांच कर रही है।

Exit mobile version