Site icon Khabribox

हल्द्वानी: आरटीओ का ‘सीक्रेट ऑपरेशन’: रैपिडो के ग्राहक बनकर पकड़ीं 18 निजी बाइक, की यह कार्यवाही

हल्द्वानी: निजी मोटरसाइकिल का उपयोग कर व्यावसायिक सवारी ढोने वाले चालकों के खिलाफ आरटीओ ने सख्त रुख अपनाया है।

आरटीओ की कार्यवाही

हल्द्वानी में रैपिडो के जरिए किराए पर सवारी ढोने वाले बाइक चालकों को पकड़ने के लिए परिवहन विभाग ने एक अनोखी पहल की और अधिकारी खुद ग्राहक बनकर मैदान में उतरे। इस दो दिवसीय विशेष अभियान में कुल 18 निजी मोटरसाइकिलों को सीज किया गया है। जानकारी के अनुसार संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडेय के निर्देशन में नौ और दस जुलाई को यह विशेष अभियान चलाया गया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन कर अधिकारियों की टीम (जगदीश चंद्र, पवन कुमार, अपराजिता पांडे और अनुभा आर्य) सादे कपड़ों में शहर के अलग-अलग स्थानों पर तैनात हुई। अधिकारियों ने खुद रैपिडो ऐप का उपयोग कर बाइक बुक की। जैसे ही बाइक चालक यात्री को लेने के लिए मौके पर पहुंचे, टीम ने उन्हें  पकड़ लिया। जांच में पाया गया कि पकड़ी गई सभी 18 मोटरसाइकिलों का पंजीकरण ‘निजी’ (सफेद नंबर प्लेट) था, जिनका अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था।

जानेंक्या है नियम

​आरटीओ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत निजी वाहनों (सफेद नंबर प्लेट) का व्यावसायिक संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित है। व्यावसायिक परिवहन के लिए केवल ‘पीली नंबर प्लेट’ वाले वाहनों का ही उपयोग किया जा सकता है।

Exit mobile version