Site icon Khabribox

हल्द्वानी: अन्य मामले को धर्म से जोड़कर दी गाली- गलौच व जान से मारने की धमकी, महाराष्ट्र से खोज लाई नैनीताल पुलिस किया गिरफ्तार

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने धर्म के नाम पर नफरत फैलाने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को पंतनगर से गिरफ्तार किया गया है, जो कि मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है।

जानें पूरा मामला

बीती 05 जून 2026 को हल्द्वानी के गौजाजाली बिचली निवासी कमल जोशी ने पुलिस को तहरीर दी थी। पीड़ित का आरोप था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर कॉल कर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने धारा 351(3), 351(4) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मैन्युअल इंटेलिजेंस का सहारा लिया। जांच में आरोपी के महाराष्ट्र का होने की पुष्टि हुई। पुलिस टीम ने अथक प्रयास करते हुए आरोपी का पीछा किया और आखिरकार 23 जून को उसे पंतनगर से गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त का विवरण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35 वर्ष), निवासी जिला वासिम, महाराष्ट्र के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक चालक है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त उसका मोबाइल फोन (Xiaomi 11 Lite NE) भी बरामद कर लिया है। विवेचना के दौरान इस मामले में धारा 196, 299 और 302 बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक या अन्य विवाद को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version