Site icon Khabribox

अल्मोड़ा में गूंजेगा ‘हरेला’ का संदेश: सीएम धामी के हाथों होगा पौधारोपण महाअभियान का आगाज, 75 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के लोकपर्व ‘हरेला’ को इस वर्ष अल्मोड़ा में बड़े पैमाने पर आयोजित करने की तैयारी है। आगामी 16 जुलाई को होने वाले इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

दी यह जानकारी

इस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम से किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज गुरुवार को विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरेला केवल रस्म अदायगी या पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के प्रति एक जन-आंदोलन है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

75 हजार पौधों के रोपण का है लक्ष्य

प्रशासन ने इस बार जनपद में 75 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिलाधिकारी ने वन, शिक्षा, उद्यान, कृषि और रेशम विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को उनके लक्ष्य आवंटित कर दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि पौधारोपण के लिए गड्ढे खोदने और पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का काम तत्काल पूरा कर लिया जाए। साथ ही, स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल ही पौधों की प्रजातियों का चयन करने को कहा गया है। प्रत्येक पौधारोपण स्थल का विवरण निर्धारित मोबाइल ऐप पर अपलोड किया जाएगा। विभाग न केवल पौधे लगाएंगे, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। इस अभियान में विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जोड़कर इसे एक उत्सव का रूप दिया जाएगा।

रहें उपस्थित

इस बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी और अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version