Site icon Khabribox

पर्यटन मंत्रालय की पहल, उत्सव पोर्टल कराएगा पर्यटकों को आकर्षक तस्वीरों का अनुभव

पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन मंत्रालय द्वारा डिजिटल पहल शुरू की गई है। पर्यटन स्थलों को वैश्विक पटल पर लाने और पर्यटकों की मदद के लिए केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने उत्सव पोर्टल का शुभारंभ किया। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित किए गए दो दिवसीय कार्यक्रम ‘अमृत समागम’ सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान पोर्टल लॉन्च किया गया। इससे पहले मंत्रालय ने 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर समर्पित पर्यटक स्थलों की थीम पर एक डिजिटल कैलेंडर भी जारी किया था।

उद्देश्य

उत्सव पोर्टल आकर्षक तस्वीरों से पर्यटकों को डिजिटल अनुभव करा कर यात्रा का अवसर उपलब्ध कराएगा। पोर्टल का उद्देश्य दुनियाभर में देश के विभिन्न क्षेत्रों को लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के रूप में बढ़ावा देना है। पोर्टल द्वारा भारत के पर्यटक स्थलों के प्रति जागरूकता और आकर्षण बढ़ाने के लिए सभी कार्यक्रमों, त्योहारों और लाइव दर्शन को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, श्रद्धालुओं और यात्रियों को लाइव दर्शन के रूप में भारत के कुछ प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थलों का दर्शन और अनुभव प्रदान करना है।

मिलेगी पर्यटन संबंधित जानकारी

उत्सव पोर्टल पर पर्यटन संबंधित सारी जानकारी आसानी से उपलब्ध होंगी। पोर्टल पर आधिकारिक सोशल मीडिया लिंक, आधिकारिक वेबसाइटें, विवरणिका और आयोजन समिति के संपर्क विवरण और हवाई, रेल और सड़क मार्ग से आसानी से गंतव्य तक पहुंचने की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इस प्रकार से, पर्यटकों के साथ बेहतर संपर्क स्थापित होगा और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की योजना बनाने में पर्यटकों की सहायता हो सकेगी। वेबसाइट पर 28 राज्यों और 9 केंद्र शासित प्रदेशों के 80 से अधिक कार्यक्रमों, त्योहारों और लाइव दर्शन की जानकारी सामने रखी गई है।

मिलती रहेगी नई जानकारी

पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट को लगातार अपडेट किया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में आने वाले सभी कार्यक्रमों, त्योहारों और प्रदर्शनियों से संबंधित नई जानकारी तेजी से वेबसाइट पर अपडेट होगी। मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन से लेकर पर्यटन स्थल तक पहुंचने की सारी जानकारियां पोर्टल के माध्यम से पर्यटकों तक आसानी से उपलब्ध कराई जाएगा।

पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा

केंद्र सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने  के लिए हाल ही में स्वदेश दर्शन योजना को स्वदेश दर्शन 2.0 के रूप में नया रूप दिया है। पर्यटन स्थलों के विकास के लिए पुर्नोत्थान योजना के तहत स्थायी गंतव्यों को विकसित करने के लिए गंतव्य और पर्यटन केंद्रित दृष्टिकोण की परिकल्पना की गई है। पर्यटन मंत्रालय ने प्रसाद योजना के तहत बुनियादी ढांचे के विकास बढ़ाने के लिए पहचान किए गए तीर्थ और विरासत स्थलों के विकास के उद्देश्य से 2021-22 के दौरान कुल 112.25 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मंत्रालय विशेष रूप से धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर दे रहा है।

Exit mobile version