Site icon Khabribox

अल्मोड़ा की सांस्कृतिक विरासत को बचाने की पहल: जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मिलीं पार्षद वंदना वर्मा, सुरक्षा दीवार और मंदिरों के जीर्णोद्धार की उठाई मांग

अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा की पार्षद वंदना वर्मा ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बीते कल गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

मल्ला महल मार्ग की सुरक्षा दीवार हुई है क्षतिग्रस्त

जिस पर उन्होंने मल्ला महल के पास क्षतिग्रस्त मार्ग की सुरक्षा दीवार के निर्माण और ऐतिहासिक मंदिरों के संरक्षण के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।‌ पार्षद वंदना वर्मा ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह को अवगत कराया कि मल्ला महल के पीछे स्थित सार्वजनिक मार्ग की सुरक्षा दीवार करीब दो माह पहले गिर गई थी। यह मार्ग स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए आवागमन का मुख्य रास्ता है। दीवार के ढहने से रास्ता बाधित हो गया है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की उठी मांग

ज्ञापन के माध्यम से पार्षद ने अल्मोड़ा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान, नंदा देवी और अष्टभैरव मंदिरों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई प्राचीन मंदिर जर्जर अवस्था में हैं, जिनका तत्काल संरक्षण और जीर्णोद्धार आवश्यक है। उन्होंने पर्यटन की दृष्टि से इन धार्मिक स्थलों के विकास हेतु पर्यटन विभाग को कार्ययोजना बनाने के निर्देश देने की मांग की है। पार्षद ने कहा कि नगर की इन समस्याओं का समाधान न केवल जनहित के लिए जरूरी है, बल्कि यह शहर की सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

पार्षद वंदना वर्मा की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मल्ला महल के पास क्षतिग्रस्त दीवार के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मंदिरों के जीर्णोद्धार के संबंध में जिलाधिकारी ने जल्द ही एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Exit mobile version