हल्द्वानी: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग और पत्रकारों के विरुद्ध भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है।
सौंपा ज्ञापन
जिस पर सोमवार को श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी से भेंट कर पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए कठोर कदम उठाने की मांग की। यूनियन के जिलाध्यक्ष सर्वेन्द्र बिष्ट और जिला महामंत्री भूपेंद्र रावत के नेतृत्व में पत्रकारों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि कुछ यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए पत्रकारों के विरुद्ध अपमानजनक और असत्य सामग्री प्रसारित कर रहे हैं।
ज्ञापन में विशेष रूप से कमल कफलटिया नामक व्यक्ति का उल्लेख किया गया, जो स्वयं को पत्रकार बताकर अनुचित गतिविधियों में लिप्त है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने बुद्ध पार्क में एक प्रिंट मीडिया पत्रकार के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की, जिससे पत्रकारिता जगत की गरिमा को ठेस पहुँची है।
की यह मांग
जिस पर पत्रकारों के खिलाफ भ्रामक सामग्री फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों को चिह्नित कर उन पर कड़ी कानूनी कार्यवाही हो। अपमानजनक पोस्ट करने वालों पर आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मुकदमे दर्ज किए जाएं। भविष्य में पत्रकारों के साथ अभद्रता की पुनरावृत्ति रोकने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
एसएसपी का सख्त संदेश
पत्रकारों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर पत्रकारों की छवि खराब करना और अभद्रता करना गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इन अकाउंट्स की पहचान कर रही है और इनके विरुद्ध आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर हमारी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति रहेगी।
हल्द्वानी में पत्रकारों का फूटा गुस्सा, कमल कफलटिया समेत सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स पर छवि धूमिल करने का आरोप, कार्यवाही हेतु दिया ज्ञापन