April 25, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

27 जुलाई: पूर्व राष्ट्रपति, मिसाइल मैन व भारत रत्न से सम्मानित एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि, जिन्हें हर युवा पीढ़ी मानती है अपना आदर्श

आज 27 जुलाई है। आज देश के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि है। भारत के 11वें राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को मिसाइल मैन भी कहा जाता था। एपीजे अब्दुल कलाम एक महान वैज्ञानिक और विचारक थे। इनका पूरा नाम अवुल पकिर जैनुलाब्दीन अब्दुल कलाम था।

मिसाइलमैन के नाम से भी थे प्रसिद्ध-

भारत के पूर्व राष्ट्रपति और प्रसिद्ध वैज्ञानिक, जिन्हें दुनिया मिसाइलमैन के नाम से भी जानती है। उनका जन्म 15 अक्टूबर 1931 को रामेश्वरम तमिलनाडु में हुआ था। कलाम अपने परिवार में काफी लाड़ले थे, लेकिन उनका परिवार छोटी-बड़ी मुश्किलों से हमेशा ही जूझता रहता था। उन्हें बचपन में ही अपनी जिम्मेदारियों का एहसास हो गया था। उस वक्त उनके घर में बिजली नहीं हुआ करती थी और वह केरोसिन तेल का दीपक जलाकर पढ़ाई किया करते थे। कलाम मदरसे में पढ़ने के बाद सुबह रामेश्वरम के रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर जाकर समाचार पत्र एकत्र करते थे। वहां से अखबार लेने के बाद शहर की सड़कों पर दौड़-दौड़कर उसका वितरण करते थे। बचपन में ही आत्मनिर्भर बनने की तरफ उनका यह पहला कदम था।

सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी हुए थे सम्मानित-

ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को विज्ञान के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत के नागरिक सम्मान के रूप में 1981 में पद्म भूषण, 1990 में पद्म विभूषण दिया गया था। इन्हें 1997 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था। अब्दुल कलाम भारत रत्न से सम्मानित होने वाले भारत के तीसरे राष्ट्रपति थे।

भारत के 11वें राष्ट्रपति-

एपीजे अब्दुल कलाम ने 2002-07 तक भारत के 11वें राष्ट्रपति निर्वाचित हुए थे। अब्दुल कलाम भारत के पहले ऐसे राष्ट्रपति थे जो कुंवारे और शाकाहारी थे। 25 जुलाई 2002 को उन्होंने संसद भवन के अशोक कक्ष में राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। 25 जुलाई 2007 को उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था।

27 जुलाई 2015 को हुआ था निधन-

एपीजे अब्दुल कलाम का निधन 27 जुलाई 2015 को मेघालय के शिलांग में हुआ था।