पिथौरागढ़/देहरादून: श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा महंगी होने वाली है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ मार्ग से होने वाली इस पवित्र यात्रा के बजट में पिछले वर्ष के मुकाबले बढ़ोतरी हुई है।
इतनी हुई बढ़ोत्तरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें लगभग 20 प्रतिशत का उछाल आया है। अब एक यात्री को इस यात्रा के लिए करीब 2.09 लाख रुपये खर्च करने होंगे। इस वर्ष यात्रा के खर्च में वृद्धि के पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं। जिसमें यात्रा का एक बड़ा हिस्सा तिब्बत (चीन) में पड़ता है, जहाँ वीजा, मेडिकल और अन्य अनिवार्य शुल्कों का भुगतान डॉलर में किया जाता है। डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय दरों में बदलाव का सीधा असर यात्रियों के बजट पर पड़ा है। इसके अलावा भारत की ओर से यात्रा का प्रबंधन देखने वाले कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) ने भी अपने शुल्कों में बढ़ोतरी की है। अब भारतीय क्षेत्र में रहने, खाने और गाइड की सुविधा के लिए प्रति यात्री 65 हजार रुपये खर्च करने होंगे, जो पिछले साल की तुलना में 8 हजार रुपये अधिक है।
जुलाई में शुरू होगी यात्रा
अधिकारियों के अनुसार, इस साल की यात्रा 4 जुलाई से विधिवत रूप से शुरू होगी। यात्रा के लिए इस बार कुल 10 जत्थे भेजे जाएंगे। प्रत्येक जत्थे में 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।