Site icon Khabribox

कुमाऊं खबर: कल मनाई जाएगी भाद्रपद मास की हेरम्ब संकष्टी चतुर्थी, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि व चंद्रोदय का समय

कुमाऊं खबर: भाद्रपद मास की संकट नाशिनी हेरम्ब संकष्टी चतुर्थी का व्रत कल 31 अगस्त (सोमवार) को रखा जाएगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, भगवान श्री गणेश को समर्पित प्रमुख व्रतों में हेरम्ब संकष्टी चतुर्थी का विशेष महत्व माना गया है।

जीवन से विघ्न होंगे दूर

जानकारी के मुताबिक ज्योतिषाचार्य पंडित प्रकाश जोशी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दिन प्रथम पूज्य भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा और व्रत रखने से साधक के जीवन के सभी विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं तथा घर में सुख-समृद्धि आती है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, महारानी दमयंती ने भी इसी संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखकर भगवान गणेश की आराधना की थी, जिसके शुभ प्रभाव से उन्हें खोया हुआ राज्य, पति राजा नल और पुत्र की पुनः प्राप्ति हुई थी।

यह रहेगा शुभ मुहूर्त

पंडित जोशी के अनुसार, 31 अगस्त को चतुर्थी तिथि का शुभारंभ सुबह 8:51 बजे से होगा। इस दिन पूरे समय रेवती नक्षत्र का प्रभाव रहेगा, जो देर रात (तड़के) 3:24 बजे तक बना रहेगा। साथ ही इस दौरान चंद्रमा मीन राशि में विराजमान रहेंगे।
व्रती श्रद्धालु रात में चंद्र देव को अर्घ्य अर्पित करने के बाद ही अपना व्रत तोड़ेंगे।
नैनीताल में संभावित चंद्रोदय: रात लगभग 8:15 बजे (नोट: भौगोलिक स्थिति के अनुसार अलग-अलग शहरों में चंद्रोदय के समय में आंशिक भिन्नता हो सकती है)।

Exit mobile version