Site icon Khabribox

उत्तराखंड: सीएम धामी ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के सबंध में की समीक्षा बैठक, दिए ये निर्देश

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में राज्य में महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के सबंध में समीक्षा बैठक करते हुए महिलाओं से संबंधित अपराधों में पुलिस जांच त्वरित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों की विवेचना में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। साथ ही न्यायालयों में भी प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए। ताकि अपराधी किसी दशा में बचने न पाएं। मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस कंट्रोल रूम में बात कर जन शिकायतों के निस्तारण के लिए की जा रही कार्यवाही की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर थाने में महिला सब इंस्पेक्टर की तैनाती हो। महिला मित्र प्रकोष्ठ की स्थापना की जाए। उन्होनें कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों को रोकने के लिए जन सहभागिता भी जरूरी है। महिलाओं से जुड़े संगठनों से नियमित सम्पर्क रखा जाए। सिस्टम इस प्रकार का हो कि महिलाओं का इसके प्रति विश्वास बढ़े और वे अपनी शिकायतें बिना संकोच के दर्ज करा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता महिलाओं से भी समय-समय पर फीडबैक लिया जाए एवं पुलिस की वेबसाइट पर अपराधियों के नामों की लिस्ट अपलोड की जाए। महिला अपराधों से संबंधित मामलों की जनपदों में जिलाधिकारी स्तर पर लगातार समीक्षा की जाए।

सरकारी एवं गैरसरकारी कार्यालयों/संस्थानों में कार्यरत महिलाओं के लिए स्व रजिस्ट्रेशन सुविधा का शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री ने इस दौरान उत्तराखण्ड पुलिस एप के अन्तर्गत सरकारी एवं गैरसरकारी कार्यालयों/संस्थानों में कार्यरत महिलाओं के लिए स्व रजिस्ट्रेशन सुविधा का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के दृष्टिगत सरकारी एवं गैरसरकारी कार्यालयों में कामकाजी महिलाओं को इस एप में रजिस्ट्रेशन के लिए प्रेरित किया जाए व इसका व्यापक स्तर पर प्रचार एवं प्रसार किया जाए। सभी जनपदों में इस हेतु संगोष्ठियां आदि की जाएं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गौरा शक्ति एप के तहत प्राप्त होने वाली शिकायतों पर संबंधित थानों से त्वरित कार्रवाई की जाए और उच्च स्तर से नियमित निगरानी हो। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होनें महिलाओं के स्व रजिस्ट्रेशन की यह सुविधा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा महिला सुरक्षा के लिए बेहतर ईको सिस्टम विकसित करने के विजन के अनुरूप कामकाजी महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

इस अवसर पर मौजूद रहे

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव  राधा रतूड़ी, डीजीपी  अशोक कुमार, सचिव  आर. मीनाक्षी सुंदरम,  शैलेश बगोली, अरविन्द सिंह ह्यांकी,  रविनाथ रमन आदि उपस्थित रहे।

Exit mobile version