चंपावत के लोहाघाट की बेटी स्वाति जोशी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक अधिकारी (एफएसएसएआई) में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी (सीएफएसओ) के पदों के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपने माता पिता और जिले के साथ ही समूचे प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है। स्वाति की इस उपलब्धि से परिजनों समेत जनपद में हर्ष का माहौल बना हुआ है।
देश में दूसरी रैंक हासिल कर भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक अधिकारी बनी स्वाति
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चंपावत के बाराकोट विकासखंड के डूंगा जोशी गांव की निवासी स्वाति जोशी ने पूरे देश में दूसरी रैंक हासिल कर भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक अधिकारी बन गई हैं। स्वाति की प्रारंभिक शिक्षा ओकलैंड पब्लिक स्कूल से हुई है। जबकि उन्होंने इंटर के बाद पंतनगर विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री पूरी की है।पंजाब कृषि विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडल के साथ स्वाति ने एमएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्तमान में स्वाति भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की छात्रवृत्ति से एमएससी एवं पीएचडी कर रही है।
माता पिता व गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
स्वाति जोशी के पिता डॉक्टर नवीन चन्द्र जोशी जहां जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान डायट लोहाघाट में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं वहीं उनकी मां जीजीआईसी चम्पावत में प्रवक्ता हैं। वहीं स्वाति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।उनकी इस उपलब्धि से परिजनों समेत जनपद में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।