Site icon Khabribox

उत्तराखंड: यूपीएससी लेक्चरर भर्ती में भी गड़बड़ी की शिकायत, होगी जांच

आए दिन प्रदेश में शिक्षा और रोजगार से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पेपर लीक के हाई प्रोफाइल मामले के बाद अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की साल 2018 में हुई लेक्चरर भर्ती में गड़बड़ी का मामला प्रकाश में आया है।

2018 में हुई उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ा मामला प्रकाश में आया

महिला ने डीजीपी को शिकायत करते हुए आयोग के सदस्य पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। दरअसल, मामला उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की साल 2018 में हुई उत्तराखंड अधीनस्थ शिक्षा ‘प्रवक्ता संवर्ग- समूह ग’ (लेक्चरर) परीक्षा का है।  इस मामले पर एक महिला ने आयोग के एक सदस्य पर आरोप लगाते हुए डीजीपी को शिकायती पत्र लिखा और साथ में सबूत भी सौंपा है। डीजीपी अशोक कुमार ने  देहरादून एसएसपी दलीप सिंह रावत को पूरे मामले की जांच का इंचार्ज बनाया है।

महिला ने आयोग के सदस्य पर लगाया धोखाधड़ी करने और रिश्वत मांगने का आरोप

उक्त मामले में महिला ने बताया है कि वर्ष 2018 में उसने उत्तराखंड अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग- समूह ग) की लिखित परीक्षा पास की थी जिसके बाद उसे महिला व सामान्य वर्ग में साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया था। लेकिन महिला का आरोप है कि साक्षात्कार के बाद आयोग के सदस्य ने उन्हें दस्तावेज ठीक करने के नाम पर कॉल किया और नौकरी के ऐवज में रिश्र्वत की मांग करने लगा।

पूरे प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी देहरादून के एसएसपी को सौंपी गई

महिला ने अपने पत्र में बताया कि जब लोक आयोग के आरोपित सदस्य ने फोन पर बातचीत की तो उसने महिला को आश्वासन देते हुए कहा कि आने वाली अन्य भर्तियों में उनका चयन हो जाएगा। इस तरह धोखाधड़ी की शिकायत करते हुए महिला ने देहरादून एसएसपी और डीजीपी अशोक कुमार को व्हाट्सएप के माध्यम से एक मोबाइल कॉल का ऑडियो क्लिप सहित शिकायत पत्र भेजा है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच डीजीपी अशोक कुमार ने देहरादून एसएसपी दलीप सिंह रावत को सौंप दी है। उम्मीद जताई जा रही है को जल्द ही आरोपी की शिनाख्त कर गिरफ्तारी की जा सकती है।

Exit mobile version