उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शासन ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के मुख्य कार्याधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सौंपी जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शासन द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद मिश्रा ने पदभार ग्रहण कर लिया है।
यह निर्णय केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में हर साल पहुँचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। शासन का मानना है कि जिलाधिकारी के पास जिला प्रशासन और मंदिर समिति दोनों की कमान होने से विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। मंदिर समिति के सीईओ के रूप में अब उन पर मंदिर प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन सुनिश्चित करने की दोहरी जिम्मेदारी होगी।
विवादों के बाद लिया गया फैसला
हाल ही में बीकेटीसी के पूर्व सीईओ विजय थपलियाल को विवादों के चलते पद से हटाकर उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया था। यात्रा सीजन सिर पर होने के कारण सरकार ने किसी अनुभवी अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपना उचित समझा।