Site icon Khabribox

उत्तरकाशी में बड़ा हेली-रेस्क्यू ऑपरेशन सफल: बर्फबारी के बीच फंसे सभी 67 ट्रेकर्स निकाले सुरक्षित

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण बेस कैंपों में फंसे सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

प्रशासन का अभियान

जिला प्रशासन ने सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की मदद से चलाए गए इस हेली-रेस्क्यू अभियान को महज डेढ़ दिन में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। जानकारी के अनुसार उच्च हिमालयी चोटियों पर अचानक हुई भारी बर्फबारी की वजह से विभिन्न अभियानों पर निकले करीब 136 ट्रेकर्स और पोर्टर अलग-अलग बेस कैंपों में फंस गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर के जरिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान की मॉनिटरिंग आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय द्वारा की गई, जबकि अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने हर्षिल हेलीपैड पर खुद मौजूद रहकर कमान संभाली।

​सुरक्षित निकाला

डेढ़ दिन चले इस अभियान में कुल 67 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड लाया गया।
• ​ओडिन कॉल पास: 29
• ​कालिंदी पास: 19 (सोमवार को निकाले गए 8 सदस्यों के साथ कार्य पूर्ण)
• ​जोगिन-I: 8
• ​संतोपंथ: 8
• ​वासुकी ताल: 3 (आर्मी पोर्टर्स)

​स्वास्थ्य परीक्षण के बाद गंतव्य रवाना

प्रशासन के अनुसार, रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स और पोर्टर्स का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें सभी स्वस्थ पाए गए। इसके बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। अन्य दलों की स्थिति पर बात करते हुए प्रशासन ने बताया कि सुदर्शन पीक (12 सदस्य), भागीरथी-II (29 सदस्य), शिवलिंग (7 सदस्य) और एक अन्य 5 सदस्यीय दल स्वयं सुरक्षित नीचे लौट रहे हैं। वहीं, श्रीकंठ एक्सपीडिशन पर गया SSB का 18 सदस्यीय दल अपना ट्रैकिंग अभियान जारी रखे हुए है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर चलाए गए इस संयुक्त रेस्क्यू अभियान के सफल समापन पर प्रशासन और बचाव दलों ने राहत की सांस ली है।

Exit mobile version