Site icon Khabribox

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: बद्रीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 8 की दर्दनाक मौत, 20 घायल

​टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड): उत्तराखंड के टिहरी जिले में आज मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जब हरिद्वार से यात्रियों को लेकर बद्रीनाथ जा रही एक बस थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

खाई में गिरा वाहन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया गया है। बस में कुल 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ (SDRF) से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि बस संख्या UK09 PA 9779 गूलर के पास खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, शिवपुरी और ब्यासी से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर, थाना प्रभारी मुनिकीरेती और राजस्व विभाग की टीम की निगरानी में खाई में युद्धस्तर पर बचाव एवं राहत कार्य चलाया जा रहा है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​
​घायलों की सूची

प्रशासन द्वारा जारी की गई प्रारंभिक सूची के अनुसार हादसे में घायल हुए कुछ प्रमुख यात्रियों का विवरण इस प्रकार है
• ​उत्तराखंड: अभिषेक (28) निवासी जसपुर (ऊधमसिंहनगर), प्रत्यूष (23) निवासी खटीमा (ऊधमसिंहनगर), पंकज नेगी (31) निवासी धौलतीर (रुद्रप्रयाग), वीरेंद्र सिंह (58) निवासी कर्णप्रयाग (चमोली)।
• ​झारखंड (दुमका): मोहम्मद वहाब अंसारी (22) निवासी छैलापाता, अर्जुन सौरन (34) निवासी ग्राम सीलीबुना, बुधन मुर्मू (50) निवासी ढोडिया, राजकुमार (32) निवासी ग्राम उपर मजियारा।
• ​बिहार: राहुल कुमार (24) निवासी पटना, संतोष कुमार (38) निवासी जहानाबाद।
• ​असम (गुवाहाटी): नूर जहां (26) और उनकी 3 वर्षीय पुत्री आयरा।
• ​दिल्ली: जतिन (21) निवासी शाहदरा।
​

Exit mobile version