Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सोशल मीडिया पर रील बनाना पड़ा भारी: इंस्टाग्राम पर फायरिंग का वीडियो डालने वाले युवक पर मुकदमा दर्ज

​अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के चक्कर में युवाओं द्वारा कानून का उल्लंघन करना अब भारी पड़ने लगा है। ताजा मामला नगर से सटे खत्याड़ी इलाके का है, जहाँ इंस्टाग्राम पर फायरिंग का वीडियो अपलोड करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर टीम की सक्रियता से पकड़ा गया मामला

​मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम की एक आईडी पर फायरिंग का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस की साइबर टीम अलर्ट हुई और वीडियो की पड़ताल शुरू की गई। तकनीकी जांच के बाद पता चला कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी खत्याड़ी निवासी एक युवक की है।

बिना लाइसेंस के हथियार का प्रयोग

​जांच में यह भी सामने आया है कि जिस हथियार से युवक फायरिंग कर रहा था, उसका कोई वैध लाइसेंस नहीं है। बिना लाइसेंस के हथियार का सार्वजनिक प्रदर्शन और इस्तेमाल करना कानूनन अपराध है।

पुलिस की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए धारानौला चौकी प्रभारी आनंद कश्मीरा ने कोतवाली में तहरीर सौंपी। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version