Site icon Khabribox

नैनीताल: कैची धाम ऐतिहासिक भीड़ के बीच मानवता और प्रबंधन का शानदार संगम

नैनीताल:  नैनीताल में श्री कैंची धाम स्थापना दिवस के अवसर पर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शनों हेतु उमड़े श्रद्धालुओं के विशाल जनसैलाब के बीच नैनीताल पुलिस पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए हुए है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं बुलेट से लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं।‌ पुलिस कर्मी वृद्ध, दिव्यांग, असहाय एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता कर रहे हैं तथा उन्हें सुरक्षित और सम्मानपूर्वक दर्शन कराने में सहयोग दे रहे हैं। दृष्टिबाधित श्रद्धालु श्री दिनेश श्रीवास्तव (टिंकू), निवासी घाटमपुर, रामपुर को नैनीताल पुलिस द्वारा विशेष सहायता प्रदान कर बाबा के दर्शन कराए गए।

शटल सेवा की सुविधा

जंगलात बैरियर सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवान वृद्ध श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें शटल बसों में बैठाने एवं सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं।‌ सुगम एवं सरल यातायात व्यवस्था, निरंतर संचालित शटल सेवाओं तथा पुलिस के प्रभावी प्रबंधन से हजारों श्रद्धालु व्यवस्थित रूप से बाबा के दर्शन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगातार बनी हुई हैं और बाबा के दरबार में आस्था का सैलाब निरंतर उमड़ रहा है, फिर भी पुलिस एवं प्रशासन की टीम पूरी मुस्तैदी से व्यवस्थाओं को संभाले हुए है।‌ नैनीताल पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और सुगमता के साथ दर्शन का लाभ मिल सके।

Exit mobile version