Site icon Khabribox

नैनीताल: SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. का बड़ा तोहफा, 56.25 लाख के 256 गुम मोबाइल लौटाकर 256 परिवारों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान

नैनीताल: नैनीताल पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए आमजन के खोए हुए 256 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुँचाया है। इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 56.25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

लौटाए फोन

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि अप्रैल 2026 से 24 जून 2026 के बीच नैनीताल पुलिस को मोबाइल ऐप और CEIR पोर्टल के माध्यम से विभिन्न ब्रांड के फोन खोने की ढेरों शिकायतें मिली थीं। एसएसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल ऐप सेल को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।‌ एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) अमित कुमार सैनी की देखरेख में उपनिरीक्षक  मीनू गौतम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों (IMEI नंबर) का उपयोग करते हुए देश के विभिन्न राज्यों—जिनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं—में ट्रैकिंग की। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कुल 256 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। अपना कीमती फोन वापस पाकर शिकायतकर्ताओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने नैनीताल पुलिस की कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की।

बरामद फोनों का विवरण

बरामद किए गए फोनों में आईफोन, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, वन प्लस, रियलमी, रेडमी, पोको और मोटो समेत कुल 14 विभिन्न ब्रांड्स के फोन शामिल हैं।

पुलिस टीम को इनाम

इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम की प्रशंसा की है और टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। टीम में उपनिरीक्षक मीनू गौतम के साथ कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति मुख्य रूप से शामिल रहे।

Exit mobile version