नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले के भवाली में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में देश दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इस धाम में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं।
बना यह रिकॉर्ड
इसी बीच धाम से संबंधित एक अध्ययन किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां धाम में हनुमान भक्त बाबा नीब करौरी महाराज के दर पर मत्था टेकने वालों में सबसे अधिक 67 प्रतिशत से अधिक युवा यानी जेन जी हैं, जिनकी उम्र 15 से 30 वर्ष के बीच है। यह अध्ययन अर्थ एवं संख्या विभाग ने किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस अध्ययन रिपोर्ट के आधार पर श्रद्धालुओं को यहां सबसे बड़ी कमी पार्किंग को लेकर अखरती है। शौचालय व स्वच्छता को लेकर भी श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई है। अब इस रिपोर्ट के आधार पर पर्यटन विभाग सुनियोजित विकास के लिए लग गया है।
सर्वे में मिली जानकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक पर्यटन विभाग के सहयोग से अर्थ एवं संख्या विभाग ने अगस्त, सितंबर व अक्टूबर 2025 में तीन हजार श्रद्धालुओं पर अध्ययन किया। जिसमें देश-दुनिया से आने वाले 73.40 प्रतिशत पर्यटक केवल कैंची धाम तक ही सीमित रहे हैं। जबकि शेष ने नैनीताल, भवाली, भीमताल, मुक्तेश्वर, अल्मोड़ा, कौसानी, जागेश्वर व रानीखेत जैसे अन्य पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया। 64.77 प्रतिशत पर्यटक एक ही दिन में दर्शन कर लौट गए। केवल 22 प्रतिशत पर्यटक ही होटल या होमस्टे में रुके, जबकि अधिकांश श्रद्धालु दर्शन को ही प्राथमिक उद्देश्य मानते हैं। इस सर्वे के अनुसार, 82.47 प्रतिशत श्रद्धालु उत्तराखंड के बाहर के राज्यों से आए थे, जबकि 17.33 प्रतिशत ही स्थानीय थे। सबसे अधिक यानी 29.13 प्रतिशत श्रद्धालु उत्तर प्रदेश से आए हैं। इसके बाद दिल्ली से 13.04 प्रतिशत, 11.37 प्रतिशत बिहार के हैं।विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या 0.20 प्रतिशत ही रही है। इसमें नेपाल और नीदरलैंड के लोग हैं।