नैनीताल: नैनीताल जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस की कार्यवाही
इसी क्रम में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस टीम ने शातिर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्य उर्फ ‘पिद्दा’ और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की 7 बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार उर्फ पिद्दा एक आदतन अपराधी है। वह रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी पर हाथ साफ करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर बाहर निगरानी रखता था। आरोपी चोरी की रकम का इस्तेमाल नशा करने और अपनी ऐश-ओ-आराम में करते थे। दोनों का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था, जिससे वे पुलिस की पकड़ से बचते आ रहे थे।
बरामदगी और बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
• कुल नकदी: 2,28,200 रुपये।
• वाहन: चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK04L-3095)।
• अन्य: चोरी के पैसों से खरीदा गया एक वीवो मोबाइल फोन (कीमती लगभग 16,000 रुपये)।
•
45 मुकदमों का है आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार उर्फ पिद्दा के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी लालकुआं में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को इनाम की घोषणा
इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना की है और टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।
टीम में रहें शामिल
यह कार्रवाई एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ अमित कुमार और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में हल्दूचौड़ चौकी पुलिस द्वारा अंजाम दी गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक अर्जुन गिरी गोस्वामी, कांस्टेबल कुबेर सिंह, मनीष शर्मा और राजेश कुमार शामिल रहे।