नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। बीते कल शिक्षक दिवस 2025 के उपलक्ष्य में जनपद नैनीताल के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों को जिलाधिकारी के द्वारा सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह का आयोजन
इस मौके पर शिक्षा भवन भीमताल के सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उपर्युक्त कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विभिन्न शिक्षक-शिक्षिकाओं को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य शिक्षा अधिकारी (C.E.O) नैनीताल गोविंद राम जायसवाल जी ने की, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विकास अधिकारी नैनीताल (C.D.O.) अनामिका उपस्थित रही। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा पुष्कर लाल टम्टा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा हर्ष बहादुर चंद एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट भीमताल नैनीताल के प्राचार्य सुरेश चंद्र आर्या जी उपस्थित रहे।
किया प्रतिभाग
कार्यक्रम में नैनीताल जनपद के विभिन्न विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारियों एवं उप शिक्षा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
किया गया सम्मानित
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु ब्लॉक कोटाबाग से राजकीय जूनियर हाईस्कूल विजयपुर की विज्ञान शिक्षिका डॉक्टर श्वेता मजगांई को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। डॉक्टर श्वेता मजगांई अपनी नवाचारी शिक्षण गतिविधियों हेतु जानी जाती है वह बच्चों को विज्ञान के विभिन्न प्रकरण शून्य निवेश नवाचारी कार्यकारी मॉडलों के माध्यम से सिखाती है। डॉक्टर श्वेता मजगांई के साथ उनके छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रकार के मॉडल बनाते हैं और करके सीखना विधि के अंतर्गत विज्ञान की आधारभूत शिक्षा प्राप्त करते हैं। डॉक्टर श्वेता मजगांई के छात्र-छात्राएं राज्य विज्ञान महोत्सव में राज्य स्तर पर जनपद नैनीताल का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, उनके प्रयासों से विभिन्न छात्र-छात्राएं इंस्पायर अवार्ड एवं विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, वह विज्ञान शिक्षण में नवाचारी गतिविधियों को अपनाने के साथ-साथ विद्यालय स्तर पर विभिन्न सह शैक्षिक गतिविधियों में भी बच्चों के साथ सक्रिय रूप से प्रतिभाग करती है। डॉक्टर श्वेता मजगांई द्वारा विद्यालय में शून्य निवेश नवाचार पर विभिन्न प्रकार की शिक्षण अधिगम सामग्रियां तैयार की गई है। एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में भी बच्चों के साथ उनके द्वारा सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया गया। डॉक्टर श्वेता मजगांई की नवाचारी शिक्षण अधिगम गतिविधियों के परिणाम स्वरूप उन्हें उत्तराखंड शासन द्वारा उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान 2024 से भी सम्मानित किया जा चुका है। वहीं इससे पूर्व उन्हें गवर्नर स्वर्ण पदक, उत्तराखंड राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान, जनपद स्तरीय उत्कृष्ट विज्ञान शिक्षक सम्मान, राष्ट्रीय अमृत गंगा सम्मान, राष्ट्रीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान एवं शिक्षा रत्न सम्मान आदि से भी सम्मानित किया जा चुका है।