Site icon Khabribox

नैनीताल: साइबर ठगों ने हैक किया कोर्ट कर्मचारी का मोबाइल, बैंक खाते से उड़ाई इतनी रकम

​नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां शातिर साइबर ठगों ने एक न्यायिक संस्थान में कार्यरत कर्मचारी का मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खाते से 99 हजार रुपये से अधिक की धनराशि उड़ा दी।

साइबर ठगों का जाल

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मल्लीताल स्टाफ हाउस निवासी पीड़ित योगेश कुमार आर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की हाईकोर्ट शाखा में बचत खाता है। गत 29 सितंबर को किसी अज्ञात साइबर ठग ने धोखाधड़ी से उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उनके खाते से 99,634 रुपये दूसरे बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिए। पीड़ित को ठगी का अहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत साइबर अपराध पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अभी तक रकम वापस नहीं मिल पाई है।

मुकदमा दर्ज

इस मामले की जानकारी देते हुए मल्लीताल के कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version