नैनीताल: जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुए। जिसमें रोमांचक मुकाबले के बाद अरुण सिंह बिष्ट को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया है, जबकि संजय सुयाल ने सचिव पद पर जीत हासिल की है।
मतदान सम्पन्न
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला ने मतगणना के उपरांत परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। अध्यक्ष पद पर अरुण सिंह बिष्ट 96 मत पाकर विजयी रहे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी नीरज साह (88 मत) और हरिशंकर कंसल (71 मत) को कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। वहीं सचिव पद में संजय सुयाल को 130 मत मिले। उन्होंने बेहद करीबी मुकाबले में अनिल सिंह बिष्ट (124 मत) को 6 मतों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें 152 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रमोद तिवारी को 98 मतों से हराया।
निर्विरोध चुने गए ये पदाधिकारी
एसोसिएशन के कुछ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ, जिसमें संयुक्त सचिव में नीरज गोस्वामी, कार्यकारिणी सदस्य में तारा आर्या, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार और मोहम्मद बिलाल शामिल रहें। मतदान प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे शुरू हुई और दोपहर 3 बजे तक चली। एसोसिएशन के 300 से अधिक पंजीकृत अधिवक्ताओं में से कुल 257 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।