Site icon Khabribox

नैनीताल: पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़: जंगल में घेराबंदी कर वांटेड बदमाश चंदन सागर को दबोचा, 15 मुकदमों का है आरोपी, गोली लगने से घायल

रामनगर (नैनीताल): नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में पुलिस और शातिर बदमाश के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। जिसमें हाथी बगड़ वन विभाग चेक पोस्ट के पास जंगल में छिपे 15 मुकदमों के आरोपी और गैंगस्टर एक्ट में वांछित बदमाश चंदन सागर ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक दबिश के दौरान चंदन सागर हाथी बगड़ चेक पोस्ट से आगे जंगल में जा छिपा। पुलिस टीम ने जब जंगल में उसकी घेराबंदी की, तो उसने पुलिस टीम और सरकारी वाहनों पर कई राउंड फायर किए। इस गोलीबारी में पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर पूरे जंगल की घेराबंदी कर ली। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश का फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है।

15 मुकदमों का आरोपी है चंदन सागर

​पकड़ा गया बदमाश चंदन सागर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाला वांटेड अपराधी है। उस पर विभिन्न थानों में 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई चल रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश

मुठभेड़ के बाद एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने सख्त संदेश जारी करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version